फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में आरोपी पंचायत सचिव सुनील महतो की मौत, पत्नी ने न्याय की गुहार लगाई

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के मालकुड़ी और मटियाबांधी पंचायत के सचिव सुनील महतो, जो फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में गिरफ्तार थे, का निधन इलाज के दौरान एमजीएम अस्पताल में हो गया। सुनील महतो की पत्नी कनक महतो ने अपने पति को निर्दोष बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
कनक महतो ने बताया कि उनके पति लंबे समय से किडनी और लीवर की बीमारी से पीड़ित थे और पुलिस ने उन्हें झूठे आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद से ही उनका एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराया गया है।
कनक महतो ने प्रशासन से अपील की है कि उनके पति की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें न्याय दिलाया जाए।