वीर शहीद बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर भारत आदिवासी पार्टी का कार्यक्रम सम्पन्न

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा : भारत आदिवासी पार्टी प. सिंहभूम चाईबासा की ओर से जुबली तालाब के सामने स्थित सामुदायिक भवन में वीर शहीद बिरसा मुंडा का शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष सुशील बारला ने की, जबकि मंच संचालन तुरी सुंडी ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा उपस्थित रहे। उन्होंने सबसे पहले बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मौजूद लोगों ने भी भारी संख्या में पुष्पांजलि अर्पित की।
शहादत दिवस के मौके पर पार्टी को सशक्त बनाने हेतु सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर झारखंड पार्टी के पूर्व प्रत्याशी कोलंबस हांसदा ने भारत आदिवासी पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में नए सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम को विजय सिंह सुंडी, असीस कुदादा, कोलंबस हांसदा, सुनील कुमार भेंगरा, चंद्रशेखर मुंडा, सनातन संवैया सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने उपस्थित मूलवासियों से आह्वान किया कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा केवल भारत आदिवासी पार्टी के माध्यम से ही संभव है। पेसा कानून, स्थानीयता नीति, समता जजमेंट और ट्राइबल सब प्लान जैसे जनहित मुद्दों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि अब केवल संघर्ष नहीं, बल्कि सत्ता की चाबी अपने हाथों में लेकर इन मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। कोल्हान के युवाओं से पार्टी से जुड़ने की अपील की गई।
वक्ताओं ने ऐलान किया कि अब अवैध भूमि कब्जे के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। सनातन संवैया ने सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में जेएमएम हो या केंद्र की नीति, सभी आदिवासियों और मूलवासियों के साथ धोखा कर रहे हैं। चाईबासा से सटे क्षेत्रों में स्थापित रूंगटा ग्रुप की फैक्ट्रियों में स्थानीय लोगों को नौकरी नहीं दी जा रही है और सरकार इस पर मौन है।
मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा ने संगठन को सर्वोपरि बताते हुए युवाओं से आदिवासी अस्तित्व की लड़ाई में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमीन लूटी जा रही है, इसलिए जमीन पर कब्जे के खिलाफ संगठित लड़ाई जरूरी है। सीएनटी एक्ट के तहत मामलों को वापस लेने के लिए कानूनी और सामाजिक स्तर पर संघर्ष की जरूरत है।
अंत में वकील रमेश जेराई ने सभा में उपस्थित जनसमूह का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुशील बारला, सनातन संवैया, रमेश जेराई, तुरी सुंडी, सुनील कुमार भेंगरा, हिरामनी देवगम, असीस कुदादा, विजय सिंह सुंडी, चंद्रशेखर मुंडा सहित सैकड़ों लोगों ने सदस्यता ग्रहण की।