कोर्ट परिसर में टहलते समय 25 वर्षीय वकील की हार्ट अटैक से मौत*

न्यूज़ लहर संवाददाता
यूपी:लखनऊ में एक दुखद घटना सामने आई है जहां एक युवा वकील की जान चली गई। मंगलवार दोपहर को तहसील कोर्ट परिसर में 25 वर्षीय वकील अभिषेक अपने एक साथी के साथ टहल रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके साथी ने तुरंत मदद के लिए प्रयास किया लेकिन अभिषेक का शरीर पूरी तरह से शिथिल हो चुका था। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के वक्त मौजूद लोगों ने बताया कि अभिषेक को चक्कर आने लगा था और उनका संतुलन बिगड़ गया था। वीडियो फुटेज में यह साफ दिखाई देता है कि कैसे वे अचानक गिर पड़े और उनके साथी ने उन्हें संभालने की कोशिश की। डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया है। इस घटना से कोर्ट परिसर में शोक की लहर दौड़ गई और सभी लोग स्तब्ध रह गए। वकील समुदाय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।