Regional

जुझारू कांग्रेस नेता राजकुमार रजक के निधन से शोक की लहर, सभी दलों ने दी श्रद्धांजलि

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी राजकुमार रजक (71 वर्ष) के आकस्मिक निधन से पूरे पश्चिमी सिंहभूम में शोक की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस के जिला महासचिव और धोबी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे रजक लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे। मंगलवार को चाईबासा के मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।

राजकुमार रजक के निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं विपक्षी दल भाजपा के नेताओं ने भी शोक व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भले ही वे अलग राजनीतिक दल से थे, लेकिन राजकुमार रजक एक संघर्षशील और कर्मठ नेता थे। उन्होंने कहा, “राजकुमार जी का योगदान राजनीति से परे था। धार्मिक और सामाजिक संगठनों में उनकी भूमिका हमेशा याद की जाएगी।”

भाजपा की वरिष्ठ नेत्री गीता बालमुचू ने भी फोन पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “हमारा राजकुमार जी से पारिवारिक रिश्ता था। उनके जाने से व्यक्तिगत रूप से काफी दुख हुआ है। यह समाज और राजनीति दोनों के लिए क्षति है।”

राज्य सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए और उन्होंने पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “राजकुमार रजक न केवल एक समर्पित राजनेता थे, बल्कि समाजसेवा में भी अग्रणी थे। उनका जाना हमारे लिए बड़ी क्षति है।”

सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने भी रजक के आवास पर पहुंचकर अंतिम दर्शन किए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि राजकुमार जी हमेशा समाज के लिए समर्पित रहते थे और उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।

कांग्रेस नेताओं ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास, प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, प्रवक्ता त्रिशानु राय, कार्यकारी अध्यक्ष सूरज मुखी, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव सुरेश सावैयां, नगर अध्यक्ष मोह. सलीम, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां सहित अनेक नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मौके पर महावीर मंडल, बाल मंडली, धोबी महासंघ और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों समेत चैंबर अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष नितिन प्रकाश, झामुमो कोषाध्यक्ष सुभाष बनर्जी, महावीर मंडल के संरक्षक अनूप सुल्तानियां, रंजीत प्रसाद, पवन शर्मा, मदन यादव, दिलीप साव, बंशी यादव, कैलाश खंडेलवाल, दुर्गा चरण साव सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

शहरवासियों और राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राजकुमार रजक के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

Related Posts