राजकुमार रजक का आकस्मिक निधन, चाईबासा में शोक की लहर, परिवार में एक माह में दूसरी मौत से टूटा पहाड़

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रख्यात समाजसेवी राजकुमार रजक का आज सुबह करीब 7:30 बजे निधन हो गया। उनके निधन से चाईबासा और जिलेभर में शोक की लहर दौड़ गई है। इससे दुखद बात यह है कि एक माह के भीतर उनके परिवार में यह दूसरी मौत है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस के महासचिव रहे राजकुमार रजक पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज चाईबासा व मुंबई में चल रहा था। उनका निधन आज सुबह उनके निवास पर हो गया। उनके सरल स्वभाव, मिलनसारिता और सेवा भावना के कारण वे हर वर्ग में लोकप्रिय थे।
राजकुमार रजक महावीर मंडल चाईबासा के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में संरक्षक भी थे। इसके अलावा वे बाल मंडली, चाईबासा के भी संरक्षण की भूमिका निभा रहे थे।
उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता, समाजसेवी, नगरवासी और अन्य संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उनके आवास पर पहुंचने लगे। उनका अंतिम संस्कार आज ही चाईबासा मुक्तिधाम में होगा।
दुख की बात यह है कि हाल ही में उनके छोटे भाई की भी हृदयगति रुकने से असमय मृत्यु हो गई थी, जिनका ब्राह्मण भोज भी अभी नहीं हुआ था। ऐसे में राजकुमार रजक का जाना परिवार के लिए दोहरी पीड़ा लेकर आया है।
कांग्रेस समेत कई सामाजिक संगठनों ने राजकुमार रजक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखने की बात कही।