Regional

संविधान बचाओ यात्रा के दौरान बस्तीवासियों की समस्याएं सामने आईं, कांग्रेस ने समाधान का आश्वासन दिया

 

जमशेदपुर।बिरसानगर मण्डल कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में संविधान बचाओ यात्रा का आयोजन बिरसानगर जोन नंबर 5 से प्रारंभ होकर गिट्टी मशीन एरिया तक किया गया। इस पदयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे शामिल हुए। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस्तीवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।

बस्तीवासियों ने जिलाध्यक्ष के सामने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि वे गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहे हैं और पानी कनेक्शन के लिए शुल्क नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वज भी इसी क्षेत्र में बस गए थे और आज भी वे अत्यंत गरीबी में जी रहे हैं। इस पर जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने आश्वासन दिया कि वे उच्च पदाधिकारियों से मिलकर गरीबों के घरों में पानी कनेक्शन दिलाने के लिए मांग पत्र सौंपेंगे और समस्या का समाधान कराएंगे।

इसके अलावा बस्तीवासियों ने साफ-सफाई, सड़क और नाली की समस्याएं भी सामने रखीं। जिलाध्यक्ष ने इन समस्याओं को संकलित किया और कहा कि जेएनएसी के पदाधिकारियों से बात करके समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आगामी दिनों में उच्च पदाधिकारियों से मिलकर इन मुद्दों को फिर से उठाने का भरोसा दिलाया।

यात्रा के बाद बिरसानगर मण्डल अध्यक्ष गुरूपदो गोराई की अध्यक्षता में सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में संविधान बचाओ अभियान और संगठन सृजन अभियान को व्यापक रूप से चला रही है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए आमजन को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है और भारत की आजादी में महापुरुषों के त्याग, तपस्या और बलिदान के महत्व को भी आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन सृजन का मुख्य उद्देश्य प्रखंड और मण्डल कमिटी को पुनर्गठित करना तथा सभी सक्रिय लोगों को जोड़कर संगठन में दायित्व सौंपना है। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं को संकलित करें और समस्या से संबंधित क्षेत्र के लोगों से आवेदन पत्र लें। इसके बाद संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को कांग्रेस पार्टी का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल मांग पत्र सौंपकर समस्या समाधान का प्रयास करेगा।

इस यात्रा में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के अलावा प्रदेश सचिव समंता कुमार, जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, प्रखंड अध्यक्ष संजय घोष, मण्डल अध्यक्ष गुरुपदो गोराई, राजकुमार वर्मा, संजय कुमार हरिहर प्रसाद सहित कांग्रेस जन शामिल रहे। यात्रा के दौरान आमजनता की भागीदारी देखी गई और कांग्रेस ने जनसमस्याओं पर संज्ञान लेते हुए सक्रियता दिखाई।

Related Posts