धरती के तापमान में कमी के लिए आनंद मार्ग ने हितकु में 500 पौधे और 500 बीज बॉल बांटे
न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और प्रीवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (PCAP) जमशेदपुर के संयुक्त प्रयास से हितकु के देहात क्षेत्र में 500 पौधे और 500 बीज बॉल का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य धरती के बढ़ते तापमान को कम करना और हरियाली को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर बच्चों और ग्रामीणों को बीज बॉल बनाने की विधि और इसके लाभ की जानकारी दी गई। आनंद मार्ग के सुनील आनंद ने बताया कि 1980 के बाद से धरती का औसत तापमान लगभग 1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधों की अंधाधुंध कटाई और ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन के कारण यह समस्या गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच साल सबसे अधिक गर्म रहने की संभावना है, जिसका सीधा असर खेती पर पड़ेगा। भारत में प्लास्टिक और पॉलिथीन भी पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल जमशेदपुर हर महीने करीब 2,000 पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का प्रयास कर रही है। संस्था का मानना है कि एक लाख बीज बॉल में से कम से कम दस हजार पौधे अवश्य उगेंगे।