पानी के बिना विकसित कृषि का संकल्प अधूरा: सांसद जोबा माझी गम्हरिया में कृषि कार्यशाला का आयोजन, किसानों को दी गई नई तकनीकों की जानकारी

न्यूज़ लहर संवाददाता
राजनगर: सरायकेला खरसावां जिला स्थित राजनगर प्रखंड के गम्हरिया पंचायत में मंगलवार को ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी शामिल हुईं।
कार्यशाला का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री सम्मानित पर्यावरणविद चामी मुर्मू, जिला परिषद सदस्य सुलेखा हासदा और प्रभारी मुखिया दुम्बी बारी उपस्थित थीं। कार्यक्रम का स्वागत भाषण वरीय कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुनीता कांडेयांग ने दिया।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि पानी के बिना विकसित कृषि की कल्पना अधूरी है। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, “अच्छी खेती के लिए पानी की उपलब्धता जरूरी है। हमें बरसात के पानी को सहेजने और उसका बेहतर उपयोग करने पर ध्यान देना होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को समय पर बीज और कृषि उपकरणों की सुविधा मिलनी चाहिए, ताकि वे आधुनिक तकनीकों के साथ खेती कर सकें।
इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत किस्मों, कीट नियंत्रण, बीजोपचार, प्रमाणित बीजों का उपयोग, समय पर बुवाई और मिट्टी की जांच जैसे जरूरी विषयों पर जानकारी दी। साथ ही फव्वारा एवं ड्रिप सिंचाई पद्धति और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में किसानों की समस्याओं को भी सुना गया और उनके समाधान के लिए सुझाव दिए गए। उन्हें कृषि साहित्य, तकनीकी पुस्तिकाएं और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में डॉ. अमित कुमार, डॉ. विक्टर तिंगयूजम, ब्रह्मदेव कुमार यादव, कालीपद सोरेन, भूगतु मुर्मू, रामजीत कुमार हासदा, बीटीएम और एटीएम सहित क्षेत्र के कई किसान उपस्थित रहे।