चाकुलिया में धान बीज वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ, किसानों में दिखा उत्साह

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को चाकुलिया नोडल लैंपस परिसर में धान बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक समीर कुमार महंती ने किया। उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की और किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों की भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे गुणवत्तायुक्त बीजों का प्रयोग करें और वैज्ञानिक तरीकों से खेती कर उत्पादन को बेहतर बनाएं।
विधायक ने कहा कि लैंपस के माध्यम से किसानों तक उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उन्हें लाभ होगा और क्षेत्र की कृषि व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने किसानों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में लैंपस के सचिव अरुण कुमार राय ने जानकारी दी कि इस बार किसानों को 550 क्विंटल एमयूटी 7029 किस्म का धान बीज उपलब्ध कराया गया है, जिसे 20 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर दिया जाएगा। बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को आधार कार्ड की छाया प्रति जमा करनी होगी और यह सुविधा केवल निबंधित किसानों के लिए ही उपलब्ध रहेगी।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख धनंजय करूणामय, अक्षय कुमार महंती, रबिंद्र नाथ मिश्रा, मुखिया शिवचरण हांसदा, बलराम महतो, राम बास्के, गौतम दास, विशाल बारीक और मिथुन कर सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान किसानों में काफी उत्साह देखा गया और उन्होंने सरकार की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में लैंपस प्रशासन की भूमिका सराहनीय रही।