प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 11 वर्षों की उपलब्धियों पर भाजपा ने लगाई प्रदर्शनी डॉ. रविंद्र राय बोले यह सिर्फ आंकड़ों की नहीं, भारत की बदलाव की कहानी है

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की सेवा, सुशासन और विकास की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के चाईबासा जिला कार्यालय में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र राय, प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व सांसद गीता कोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश पुरी, वरिष्ठ नेता अनूप सुल्तानिया और अमरेश प्रधान मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रताप कुमार कटिहार महतो ने किया।
इस अवसर पर राकेश सिंह बबलू, मनोज लिंयागी, चन्द्रमोहन तिउ, महिला जिला अध्यक्ष दुर्गावती बोयपाई, जिला परिषद सदस्य राजश्री बानरा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
डॉ. राय ने बताया विकास की 11 साल की कहानी
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. रविंद्र राय ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल योजनाओं के आंकड़ों की सूची नहीं, बल्कि उस परिवर्तनशील भारत की गाथा है जो मजबूत नीति, पारदर्शी शासन और कुशल नेतृत्व की बदौलत गढ़ा गया है।
उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए अनेक योजनाएं शुरू की, जैसे जन-धन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान।
ऐतिहासिक फैसलों का भी किया उल्लेख
डॉ. राय ने कहा कि सरकार ने देश की एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए धारा 370 की समाप्ति, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) जैसे ऐतिहासिक निर्णय भी लिए हैं। ये कदम भारत की संवैधानिक और सांस्कृतिक नींव को और दृढ़ करते हैं।
उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं ताकि आम जनता तक सच्ची तस्वीर पहुंचे।
कार्यकर्ताओं को दिया समर्पण का संदेश
कार्यक्रम के अंत में डॉ. राय ने भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह समय भारत को ‘विश्वगुरु’ बनाने की दिशा में संकल्प लेने का है, और भाजपा कार्यकर्ता इस परिवर्तन यात्रा के अग्रदूत बनें।
यह आयोजन जिले में भाजपा की सांगठनिक मजबूती और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।