विकसित भारत की दिशा में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर भाजपा का प्रोफेशनल मीट, बाबूलाल मरांडी ने प्रबुद्धजनों से किया संवाद
न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को जनसामान्य विशेषकर प्रोफेशनल वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिला के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को बिस्टुपुर स्थित चैंबर भवन में प्रोफेशनल मीट का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शहर के प्रबुद्धजनों—जिनमें डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यापारी, उद्योगपति, किसान और शिक्षाविद शामिल थे—से सीधा संवाद किया। उन्होंने मोदी सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को विस्तार से साझा करते हुए बताया कि बीते 11 वर्षों में भारत ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत सभी प्रबुद्धजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। मंच का संचालन जिला महामंत्री सह कार्यक्रम संयोजक अनिल मोदी ने किया, जबकि प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जटाशंकर पांडेय ने विषय प्रवेश कराया और पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
प्रोफेशनल मीट को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने न सिर्फ वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सफलता प्राप्त की। उन्होंने बताया कि शौचालय निर्माण, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जैसी योजनाएं आम नागरिकों के जीवन में परिवर्तन लेकर आई हैं।
मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार ने सुशासन को प्राथमिकता दी है और भ्रष्टाचार पर नकेल कसते हुए सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मान, किसानों को आर्थिक बल और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के कार्य प्रभावशाली ढंग से हुए हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे सैन्य अभियानों से देश की सुरक्षा को मजबूती मिली है। इसके अलावा राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर कानून, अनुच्छेद 370 की समाप्ति जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
मरांडी ने मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों की चर्चा करते हुए कहा कि इससे देश की तकनीकी और आर्थिक क्षमता में जबरदस्त वृद्धि हुई है। वहीं, योग और आयुर्वेद को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है। भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को फिर से स्थापित करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं।
इस अवसर पर मंच पर भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप महतो, जिला महामंत्री संजीव सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया और मोदी सरकार की विकास यात्रा को सराहा।