ग्रामीण क्षेत्र बोडाम में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की तैयारी

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित ग्रामीण क्षेत्र बोडाम प्रखण्ड कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में “संगठन सृजन अभियान” के तहत एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रखण्ड अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार महतो ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने कहा कि बोडाम एवं पटमदा प्रखंडों में जनता कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। चांडिल डैम का निर्माण सिंचाई के उद्देश्य से हुआ था, लेकिन आज भी यहां के किसान सिंचाई की समुचित सुविधा से वंचित हैं। इसे लेकर एक व्यापक और योजनाबद्ध आंदोलन छेड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि बोडाम प्रखंड में कोल्ड स्टोरेज की अत्यंत आवश्यकता है और स्थानीय किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। साथ ही, जमीन का ऑनलाइन अभिलेखांकन नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पीड़ित ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रखंड कांग्रेस कमिटी को सौंपें ताकि आंदोलन के माध्यम से प्रशासनिक स्तर पर समाधान की पहल की जा सके।
आनन्द बिहारी दुबे ने भ्रष्टाचार पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है तो उसका नाम और पूरी सूची तैयार की जाए। सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की अनदेखी पर भी जिला कांग्रेस जल्द ही प्रशासन से जवाब मांगेगी।
बैठक में कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रखंड पर्यवेक्षक अशोक कुमार सिंह, प्रदेश सचिव खगेनचन्द्र महतो, किशनलाल महतो, शफी अहमद खान, सलीम खान, संजय सिंह आज़ाद, अमित श्रीवास्तव, नलिनी कुमारी, पटमदा प्रखंड अध्यक्ष शिशुलाल महतो, मंडल अध्यक्ष सुधांशु महतो, बलराम महतो, चितरंजन महतो, कार्तिक चंद्र महतो, चंद्रमोहन महतो, सुधांशु मंडल (बोडीह पंचायत), सुभाष चंद्र महतो, विपुल महतो (मुकुरूडीह), रसिकनगर आदि शामिल थे।
बैठक में सर्वसम्मति से जनसमस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध आंदोलन की योजना बनाई गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत करते हुए जनहित में संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया।