झारखंड-ओडिशा सीमा पर नक्सली आईईडी विस्फोट में CRPF जवान गंभीर रूप से घायल, तलाशी अभियान तेज

न्यूज़ लहर संवाददाता
ओडिशा:झारखंड और ओडिशा की सीमा पर चल रहे संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब माओवादियों द्वारा बिछाए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 134वीं बटालियन के जवान सत्यवान कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना ओडिशा के केवलंग थाना क्षेत्र के घने जंगल और पहाड़ी इलाके में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त ऑपरेशन ओडिशा की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), CRPF और झारखंड पुलिस द्वारा माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल जब जंगल के भीतर गश्ती कर रहे थे, तभी माओवादियों ने पहले से प्लांट किए गए आईईडी से हमला कर दिया।
विस्फोट के तुरंत बाद जवान को गंभीर अवस्था में प्राथमिक इलाज के लिए नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए राउरकेला अस्पताल रेफर किया गया। अधिकारियों के अनुसार, जवान की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।
घटना के बाद पूरे इलाके को घेर कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है और स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में झारखंड-ओडिशा सीमा क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों में इजाफा देखा गया है। इसके जवाब में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे माओवादियों की गतिविधियों पर दबाव बना है। बावजूद इसके, इस तरह के हमले यह दर्शाते हैं कि नक्सली खतरा अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
प्रशासन और पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षाबलों को हर संभव सहयोग देने की अपील की है।