नक्सली विस्फोट में घायल सीआरपीएफ एएसआई शहीद
न्यूज़ लहर संवाददाता
ओडिशा।झारखंड-ओडिशा की सीमा पर चलाए जा रहे संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बार फिर आईईडी विस्फोट में सुरक्षाबल को क्षति पहुंची है। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में शनिवार सुबह हुए विस्फोट में सीआरपीएफ के एक एएसआई शहीद हो गए।
राउरकेला के निकट बलंग गांव के समीप शनिवार सुबह लगभग 6 बजे नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 134वीं बटालियन के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सत्यबान कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल राउरकेला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी 34 वर्षीय एएसआई सत्यबान कुमार सिंह नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष संयुक्त अभियान का हिस्सा थे। यह अभियान ओड़िशा पुलिस की विशेष अभियान दल (एसओजी) और सीआरपीएफ की टीम द्वारा झारखंड-ओडिशा की सीमा पर नक्सल प्रभाव वाले क्षेत्र में चलाया जा रहा था।
सुरक्षा बलों ने पिछले कुछ समय में सारंडा और आसपास के जंगल क्षेत्रों में कई सफलताएं दर्ज की हैं। इसी क्रम में आज का तलाशी अभियान चलाया जा रहा था, जब नक्सलियों ने पहले से छिपाकर रखे गए आईईडी को विस्फोट कर जवानों को निशाना बनाने की कोशिश की।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है और सघन तलाशी अभियान जारी है। शहीद जवान का पार्थिव शरीर सीआरपीएफ 134 बटालियन मुख्यालय रांची लाया जाएगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।