Crime

स्वरूपडीह फुटबॉल मैदान में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका में दो साथी मजदूरों पर आरोप

न्यूज़ लहर संवाददाता
गम्हरिया।सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दुग्धा पंचायत के स्वरूपडीह गांव में शुक्रवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 53 वर्षीय सुरेश महतो के रूप में हुई है, जो श्री हरी एंटरप्राइजेज कंपनी में मजदूर के रूप में कार्यरत था और स्वरूपडीह गांव में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार सुरेश महतो शराब के लती थे और बीते दो दिनों से ड्यूटी से गैरहाजिर थे। गुरुवार को वे नशे की हालत में कंपनी पहुंचे, जहां प्रबंधन ने उन्हें लौटा दिया। इसके बाद कंपनी के दो अन्य मजदूर, संजय दास और राजू महतो, उन्हें घर छोड़ने के लिए साथ निकले, लेकिन सुरेश ने अकेले लौटने की बात कहकर दोनों को वापस भेज दिया।

शुक्रवार सुबह गांव के फुटबॉल मैदान में सुरेश महतो का शव देखे जाने के बाद ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

मृतक के पुत्र ने संजय दास और राजू महतो पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Posts