जादुगोड़ा में संविधान बचाओ रैली : केंद्र की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का जनजागरण अभियान तेज”
न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में जादुगोड़ा चौक पर रविवार शाम 5 बजे से विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति विभाग के समन्वयक और कांग्रेस नेता रंजीत राम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सह जिला प्रभारी बलजीत सिंह बेदी और जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए बलजीत सिंह बेदी ने कहा कि “आज देश का संविधान खतरे में है। राहुल गांधी जी संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके संदेश को समयबद्ध ढंग से घर-घर पहुंचाएं।” उन्होंने कांग्रेस को त्याग, तपस्या और बलिदान की परंपरा वाला संगठन बताया।
जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “सरना धर्म कोड को केंद्र सरकार अविलंब लागू करे। साथ ही संविधान के अनुच्छेद 15(5) के तहत पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निजी शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण झारखंड में तुरंत लागू किया जाए।” उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी की जातीय जनगणना को लेकर सड़क से सदन तक की लड़ाई के कारण केंद्र सरकार को झुकना पड़ा। इससे देश के करोड़ों वंचित वर्गों को उनका अधिकार मिलेगा, यह बड़ी जीत है।
सभा में वक्ता सुबोध सिंह सरदार, हेमेंद्र हांसदा, राजकिशोर यादव, अवधेश सिंह, और रंजीत राम ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, स्थानीय रोजगार, यूसीआईएल माइंस के कुप्रभाव और सीएसआर जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।
कार्यक्रम का संचालन जादुगोड़ा मंडल अध्यक्ष सुभाष सिंह ने किया, जबकि स्वागत भाषण मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार साह ने दिया।
सभा में सीताराम सोरेन, लासा मुर्मू, रंजन बाजराय, लक्ष्मण चंद्र बाग, सपन सरदार, लालटू दास, ब्रजेंद्र तिवारी, गुलाम सरबर, सलीम खान, नीरज सिंह (युवा कांग्रेस अध्यक्ष), संजय सिंह आज़ाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।