Regional

मंडल कारा में जेल अदालत और विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

 

चाईबासा: स्थानीय मंडल कारा में शनिवार को जेल अदालत और विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

जेल अदालत में न्यायिक दंडाधिकारी पूजा पांडेय की अदालत में विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। कार्यक्रम के दौरान बंदियों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई और उन्हें कानूनी सहायता से संबंधित आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

इसके साथ ही जेल परिसर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक चिकित्सा जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक सुनील कुमार, संबंधित न्यायालय के कर्मचारीगण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की जानकारी प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने दी।

Related Posts