Regional

मामला प्रदर्शनकारियों मुकदमा दर्ज करने का:तिरंगे को हथियार बताना निंदनीय – गुंजन यादव

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। साकची थाना प्रभारी द्वारा भाजपा नेताओं पर मुकदमा करने का मामला थम नहीं रहा है। सोमवार को जन सुविधा मंच के सदस्यों पर दर्ज प्राथमिकी को लेकर भाजपा नेता एवं जमशेदपुर पूर्वी विधायक के प्रतिनिधि गुंजन यादव ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने 12 जून को साकची थाना के समक्ष हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन को लेकर दर्ज केस पर आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

गुंजन यादव ने कहा कि प्रदर्शन में शामिल युवाओं, महिलाओं और नागरिकों ने तिरंगा झंडा और विरोध की तख्तियों के साथ नशाखोरी, अनैतिक गतिविधियों और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए थे। इसके बावजूद साकची थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को ‘हरवे-हथियार’ लेकर आने वाला बताया, जो न केवल लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है, बल्कि तिरंगे जैसे राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान भी है।

उन्होंने कहा कि अगर तिरंगा झंडा लेकर प्रदर्शन करना ‘हथियारबंद प्रदर्शन’ माना जाएगा, तो यह लोकतंत्र और संविधान दोनों का अपमान है। गुंजन यादव ने तंज कसते हुए कहा कि थाना प्रभारी को तिरंगे और हथियार में फर्क समझने के लिए नेत्र परीक्षण कराना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन की वीडियो फुटेज, मीडिया कवरेज और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में यह स्पष्ट है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक पियूष पांडे ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

Related Posts