अनुज पुरती बने झामुमो छात्र मोर्चा पश्चिमी सिंहभूम के नए जिला सचिव

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) छात्र मोर्चा पश्चिमी सिंहभूम के जिला सचिव पद पर अनुज पुरती को नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा पार्टी नेतृत्व द्वारा की गई, जिससे जिले में छात्र मोर्चा को नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर अनुज पुरती ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झामुमो के केन्द्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, जिलाध्यक्ष, सचिव सहित सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि संगठन ने उन जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
अनुज पुरती ने कहा, “मैं संगठन की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूंगा। छात्र हितों की आवाज को मजबूती से उठाते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य करूंगा।” उन्होंने आगे कहा कि झामुमो छात्र मोर्चा आने वाले समय में नई ऊर्जा और रणनीति के साथ छात्रों से जुड़कर संगठन को सशक्त बनाएगा।
पार्टी के अनुसार, अनुज पुरती की नियुक्ति से छात्र मोर्चा में सक्रियता बढ़ेगी और युवा वर्ग को पार्टी से जोड़ने में यह कदम कारगर साबित होगा।