भूमि विवाद में वार्ड सदस्य को तीर मारने का आरोपी गालु चाम्पिया गिरफ्तार

गुवा
गुवा थाना अंतर्गत प्राथमिकी कांड संख्या 28/25, दिनांक 16/06/2025 के तहत भूमि विवाद में चचेरे भाई पर तीर चलाकर उसे घायल करने के मामले में आरोपी गालु चाम्पिया (उम्र 35 वर्ष, पिता स्व. नाथो चाम्पिया, ग्राम नुईआ, थाना गुवा, जिला चाईबासा) को पुलिस ने गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है। आरोपी के पास से तीर-धनुष भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 118(1)/109(1) के तहत गिरफ्तार कर मंगलवार को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
घटना के संबंध में बताया है कि आरोपी गालु चाम्पिया ने भूमि विवाद को लेकर अपने ही चचेरे भाई और वर्तमान वार्ड सदस्य सोमनाथ चाम्पिया पर तीर से हमला कर दिया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल को इलाज के लिए तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गालु चाम्पिया को उसके गांव नुईया गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त तीर-धनुष भी जब्त किया गया। पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए गए हैं और उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है।