रांची: भगवान बिरसा जैविक उद्यान में शेर और मगरमच्छ बने आकर्षण का नया केंद्र

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची। राजधानी रांची स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान में वन्यप्रेमियों के लिए खुशी की खबर है। अब यहां आने वाले दर्शकों को शेरों की दहाड़ और मगरमच्छों की हरकतें देखने को मिलेंगी, क्योंकि जैविक उद्यान को दो शेर और दो मगरमच्छ के रूप में नए मेहमान मिल गए हैं। इन सभी जीवों को नया रायपुर स्थित नंदनवन चिड़ियाघर एवं सफारी से विशेष प्रक्रिया के तहत लाया गया है।
जैविक उद्यान प्रबंधन के अनुसार, शेरों की इस नई जोड़ी में नर शेर का नाम ‘अभय’ है जिसकी उम्र लगभग 14 वर्ष है, जबकि मादा शेरनी ‘शबरी’ मात्र 4 वर्ष की है। वहीं, दोनों मगरमच्छों की उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इन जानवरों को लाने के लिए वन विभाग और चिड़ियाघर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों का पूरी तरह पालन किया गया।
शेरों की आमद के साथ अब जैविक उद्यान में वन्य जीवन का रोमांच और भी बढ़ गया है। जैविक उद्यान में पहले से मौजूद वन्य प्राणियों के अलावा अब शेरों की दहाड़ पर्यटकों के लिए एक नया अनुभव होगी। उद्यान के निदेशक ने बताया कि शेरों और मगरमच्छों को फिलहाल क्वारंटीन एरिया में रखा गया है, ताकि वे नए वातावरण में ढल सकें। स्वास्थ्य जांच पूरी होने के बाद इन्हें आम दर्शकों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।
इससे पहले जैविक उद्यान में शेरों की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी, लेकिन अब ‘अभय’ और ‘शबरी’ की जोड़ी उस खालीपन को भर देगी। वहीं, मगरमच्छों की मौजूदगी से जलजीवों में भी विविधता आई है।
प्रशासन को उम्मीद है कि इन नए प्राणियों के आगमन से न केवल जैविक उद्यान की जीवंतता बढ़ेगी, बल्कि दर्शकों की संख्या में भी इजाफा होगा। साथ ही वन्य जीवन और जैव विविधता को लेकर जागरूकता अभियान को भी नई गति मिलेगी।