Regional

चाईबासा में कांग्रेसियों ने मनाया राहुल गांधी का जन्मदिन, सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखने का लिया संकल्प

 

चाईबासा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन गुरुवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान जगन्नाथपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे एक कुशल राजनीतिज्ञ हैं, जिन्होंने रायबरेली, अमेठी और वायनाड जैसे निर्वाचन क्षेत्रों का प्रभावी प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी ने देश में मोहब्बत, लोकतंत्र और सद्भावना का संदेश दिया है।

सोनाराम सिंकु ने कहा कि राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना, न्याय और संविधान के संरक्षण के लिए संघर्ष किया है। उनके नेतृत्व ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को एक नई दिशा दी है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी के जन्मदिवस पर कांग्रेस संगठन ने यह संकल्प लिया है कि सामाजिक न्याय की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ी जाएगी।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास, महासचिव अविनाश कोड़ाह, प्रवक्ता त्रिशानु राय, जहाँगीर आलम, रवि कच्छप, पुरुषोत्तम दास पान, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, दिकु सावैयां, सिकुर गोप, सुशील दास, विजय सिंह, मो. शईद, विकास गोप, मो. असलम, संतोष सिन्हा, गोपाल बोदरा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Posts