Regional

पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश के मद्देनजर 20 जून को सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी

न्यूज़ लहर संवाददाता

चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला में भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार 17 जून से 21 जून 2025 तक झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस चेतावनी को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त कार्यालय, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा द्वारा जारी आदेशानुसार, जिले के अंतर्गत संचालित सभी प्रकार के विद्यालय – चाहे वे सरकारी हों, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) अथवा निजी – उनके कक्षा केजी से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई 20 जून 2025 (शुक्रवार) को बंद रहेगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसे आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत उत्तरदायी माना जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।

यह आदेश जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी, सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं को अविलंब अनुपालन हेतु भेजा गया है।

साथ ही, इस निर्णय की सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी, कोल्हान प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक, रांची स्थित स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।

जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी विद्यालय इस आदेश का गंभीरता से पालन करें और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। भारी वर्षा और खराब मौसम के कारण यह निर्णय एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है।

Related Posts