Regional

सरयू राय ने जलजमाव के लिए विकास कार्यों की खामियों को बताया जिम्मेदार, खुद करवाया नाले की सफाई और चौड़ीकरण”

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। लगातार बारिश से उत्पन्न जलजमाव की स्थिति को लेकर गुरुवार को पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने समस्याग्रस्त इलाकों का दौरा किया। उन्होंने कई इलाकों में जल निकासी की अवरुद्ध व्यवस्था को देखा और मौके पर ही जेसीबी लगवाकर नाले की सफाई और चौड़ीकरण का कार्य कराया। उन्होंने फ्लाईओवर निर्माण सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं में जनसुविधाओं की अनदेखी को जलजमाव की मुख्य वजह बताया।


बुधवार से हो रही लगातार बारिश के कारण जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के मानगो, सोनारी और अन्य इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। विधायक सरयू राय ने गुरुवार को नित्यानंद कॉलोनी, देशबंधु लाइन, कालिकानगर, टैंक रोड, शंकोसाई, रामनगर, आदर्शनगर फेज 4, 7, 9, अमृता अपार्टमेंट और जाहिरा बस्ती समेत कई जलमग्न क्षेत्रों का दौरा किया। उनके साथ मानगो नगर निगम एवं जमशेदपुर अक्षेस के अधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।

विधायक राय ने मानगो फ्लाईओवर निर्माण के दौरान संकरी कर दी गई जल निकासी नालियों को जलजमाव की मुख्य वजह बताया। उन्होंने खुद मौके पर खड़े होकर तीन जेसीबी मशीनें लगवाकर नाले की सफाई और चौड़ीकरण करवाया। कालिकानगर में वैकल्पिक नाले के निर्माण और नित्यानंद कॉलोनी में नाले की दिशा परिवर्तन की लंबित योजना को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। बताया कि यह योजना पिछले चार महीने से नगर विकास विभाग में अटकी पड़ी है।

सरयू राय ने पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता दीपक सहाय को निर्देश दिया कि वे फ्लाईओवर बनाने वाली कंपनी से तत्काल जल निकासी व्यवस्था को ठीक करवाएं। डिमना चौक पर तेज बहाव और आस्था स्पेस टाउन व वाटिका ग्रीन सिटी में पानी भराव की स्थिति को उन्होंने फ्लाईओवर निर्माण के कारण बाधित जल निकासी का परिणाम बताया। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों से इसे तत्काल दुरुस्त करने को कहा।

पारडीह से बालीगुमा तक उच्च जल वहन क्षमता वाला स्थायी नाला बनाए जाने की जरूरत पर बल देते हुए विधायक ने कहा कि अभिलाषा अपार्टमेंट, वास्तु विहार और आशियाना सन सिटी जैसे अपार्टमेंटों में भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। अभिलाषा अपार्टमेंट का बेसमेंट गर्दन तक पानी में डूबा है।

करीम सिटी कॉलेज क्षेत्र और रामनगर, श्यामनगर में भी पानी भरने की स्थिति है, जिसकी वजह एमजीएम अस्पताल के लिए बनाए जा रहे इंटेक वेल के निर्माण में तटबंध को काट देना है। उन्होंने कहा कि यह विकास कार्यों में जनसुविधाओं की उपेक्षा का जीवंत उदाहरण है।

सोनारी के जाहिरा बस्ती में जुस्को द्वारा अधूरी छोड़ी गई नाला योजना के कारण करीब 150 घरों में पानी घुस गया। अमृता अपार्टमेंट में सीवर युक्त पानी का भराव इस बात का प्रमाण है कि अपार्टमेंट से नाले को जोड़े बिना काम अधूरा छोड़ दिया गया। आदर्शनगर के जलनिकासी ढांचे में अवरोध के कारण जलजमाव की पुरानी समस्या फिर से सामने आई है।

उन्होंने यह भी कहा कि सोनारी हवाई अड्डे की दीवार का टूटना भी जल निकासी की कमी और अत्यधिक जलदाब का परिणाम है।

सरयू राय ने साफ तौर पर कहा कि विकास कार्यों की योजना बनाते और लागू करते समय जल-मल निकासी और जनसुविधा संरचनाओं की उपेक्षा करना ही जलजमाव की सबसे बड़ी वजह बन रहा है। वर्तमान में स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, परंतु इसमें लगातार वृद्धि हो रही है।

विधायक ने मानगो नगर निगम, जमशेदपुर अक्षेस, टाटा स्टील यूआईएसएल और जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि इस प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जनता की कठिनाइयों को दूर करने के लिए सभी विभाग अलर्ट रहें। प्रभावित लोगों को तत्काल राहत के लिए अस्थायी आवास और भोजन की व्यवस्था की जाए और भविष्य में जल निकासी की मजबूत व्यवस्था के लिए योजनाएं तेज की जाएं।

इस दौरान उनके साथ उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, आशुतोष राय, नीरज सिंह, पप्पू सिंह, संतोष भगत, मस्तान सिंह, मनोज सिंह, रवि शंकर सिंह, मुकेश सिंह, बबई दास, किरण सिंह, धानु सिंह सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts