चाईबासा में पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान, मध्यस्थता अभियान में दो मामले सुलझे

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर चाईबासा में 16 से 20 जून तक पारिवारिक विवादों के शीघ्र और शांतिपूर्ण समाधान हेतु विशेष मध्यस्थता अभियान चलाया गया। इस अभियान का आयोजन पारिवारिक न्यायालय से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन को ध्यान में रखते हुए किया गया था।
यह पहल प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) चाईबासा, मौ शाकिर के नेतृत्व और दिशा-निर्देश में की गई। अभियान के दौरान प्रशिक्षित मध्यस्थों की मदद से कुल 8 मामलों पर विचार-विमर्श हुआ, जिनमें से दो मामलों का समाधान आपसी सहमति से सफलतापूर्वक कर लिया गया।
डीएलएसए के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि मध्यस्थता का उद्देश्य परस्पर संवाद और समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कर पक्षकारों को शीघ्र न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से न्यायालयों पर लंबित मामलों का भार कम होता है और लोगों को समय व संसाधनों की भी बचत होती है।
उन्होंने प्रशिक्षित मध्यस्थों की भूमिका की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के अभियानों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।