पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद विद्युत महतो ने किया योग, जमशेदपुर महानगर में भाजपा ने धूमधाम से मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जमशेदपुर महानगर भाजपा ने सभी मंडलों में पूरे उत्साह के साथ सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद विद्युत वरण महतो ने भाग लेकर योग की महत्ता को रेखांकित किया और लोगों से इसे अपनी जीवनशैली में शामिल करने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने घोड़ाबांधा मंडल द्वारा साईं नाथ देवस्थानम प्रांगण में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि योग न केवल हमारी परंपरा है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम भी है। कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों द्वारा लोगों को सरल योगासन सिखाए गए। मंडल अध्यक्ष दीपक पाल और जिला मंत्री जितेंद्र राय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
साकची पश्चिम मंडल के योग कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो ने हिस्सा लिया। उन्होंने धालभूम क्लब परिसर में कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ योग किया। अपने संबोधन में उन्होंने योग को तनाव मुक्त जीवन की कुंजी बताया और कहा कि यह हमें प्रकृति और संस्कृति दोनों से जोड़ता है। मंडल अध्यक्ष बजरंगी पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में शहर के चारों विधानसभा क्षेत्रों के 28 मंडलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने योग दिवस को मनाया। सभी मंडलों में प्रशिक्षकों द्वारा योग के लाभ बताए गए और योगाभ्यास कराया गया। कार्यकर्ताओं ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस वैश्विक पहल की सराहना की।