कांग्रेस लेबर सेल ने श्रमिक अधिकारों, रोजगार और भ्रष्टाचार से मुक्ति की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।झारखंड के श्रमिकों और कामगारों की समस्याओं को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी लेबर सेल ने बड़ी पहल की है। संगठन के अध्यक्ष विष्णु कुमार कागत के नेतृत्व में एक ज्ञापन तैयार कर उसे मुख्यमंत्री, राज्यपाल और उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को सौंपा गया है। इस ज्ञापन में राज्य के श्रमिकों के आर्थिक शोषण पर रोक, संविधान के तहत मौलिक अधिकारों की सुरक्षा, वेतन विसंगति दूर करने, न्यायालयीन निर्णयों का अनुपालन और भ्रष्टाचार को खत्म करने की मांगें उठाई गई हैं।
ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले 25 वर्षों से राज्य के लोक सेवक और प्रशासनिक अधिकारी झारखंड के संसाधनों और खनिज सामग्री से वित्त उगाही करते आ रहे हैं। इस कारण कारखानों और प्रतिष्ठानों को श्रमिकों के शोषण की खुली छूट मिली हुई है। श्रम विभाग भी इस मामले में सहयोगी बना हुआ है, जिससे राज्य को अरबों रुपये का नुकसान हुआ है। भ्रष्टाचार और बेरोजगारी की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि राज्य की कांग्रेस और जेएमएम की सरकारें भी शोषण और भ्रष्टाचार फैलाने में संलिप्त रही हैं, जिससे राज्य के श्रमिक और आम नागरिक दुखी हैं।
ज्ञापन में श्रमिकों के लिए एक समान सेवा शर्तें और वेतन दिए जाने की मांग की गई है। इसमें उच्चतम न्यायालय के निर्णयों का हवाला देते हुए कहा गया है कि सभी कारखानों और प्रतिष्ठानों में कामगारों को समान अधिकार मिलने चाहिए। श्रम आयोग के गठन, श्रम न्यायालय और औद्योगिक न्यायालय के अपीलीय न्यायालय के गठन, पुराने कर्मचारियों की नियुक्ति, स्टील प्लांट स्थापित कर रोजगार सृजन, सूचना का अधिकार आयोग और विभिन्न आयोगों में योग्य लोगों की नियुक्ति, दैनिक कर्मचारियों और ठेकेदारी श्रमिकों को कर्मचारी घोषित करने, उच्चतम न्यायालय के निर्णयों का अनुपालन, लोक सेवकों का आय-व्यय विवरण सार्वजनिक करने, जमशेदपुर के नागरिकों को तीसरा मताधिकार दिलाने और भूमिहीनों को भूमि बंदोबस्ती दिलाने जैसी मांगें भी शामिल हैं।
इस अभियान में शामिल प्रमुख लोगों में विष्णु कुमार कागत (अध्यक्ष), इंदु भूषण यादव (उपाध्यक्ष), अतुल गुप्ता (महासचिव), मनोज कुमार सिंह (संगठन सचिव) और शामंतो कुमार (संगठन सदस्य) शामिल हैं।