झारखंड में बांग्लादेशी को दामाद बनाकर बनाई गई सरकार, आदिवासियों के लिए घातक: गिरिराज सिंह

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।शहर पहुंचे केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यहां बांग्लादेशी को दामाद बनाकर सरकार चलाई जा रही है, जो आदिवासियों के लिए नुकसानदेह है। वहीं बिहार को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि वहां हर हाल में एनडीए की सरकार बनेगी।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह सोमवार को जमशेदपुर दौरे पर पहुंचे। वे पटना से वंदे भारत ट्रेन के माध्यम से टाटानगर स्टेशन पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए उनका अभिनंदन किया।
अपने दौरे के दौरान गिरिराज सिंह शहर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे और पार्टी नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक भी करेंगे। स्वागत समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मीडिया से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने झारखंड की वर्तमान सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “झारखंड में बांग्लादेशी को दामाद बनाकर सरकार चलाई जा रही है। यह आदिवासी समाज के लिए घातक है और राज्य के भविष्य को अंधकार में धकेलने वाला कदम है।”
उन्होंने बिहार की राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “बिहार में एनडीए की सरकार हर हाल में बनेगी। जनता ने ठान लिया है कि भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उनके दौरे को लेकर पार्टी में खासा उत्साह देखा गया और कार्यकर्ताओं ने इसे आगामी चुनाव की तैयारियों के रूप में देखा है।