Crime

अपराधियों के डर को खत्म करने के लिए पुलिस ने इनामी अपराधी से कराया पैदल मार्च, शहरवासियों में बढ़ा आत्मविश्वास

 

जमशेदपुर। आम जनता के मन से अपराधियों का डर खत्म करने और कानून का भय स्थापित करने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस ने एक अनोखी पहल करते हुए ₹50,000 के इनामी अपराधी निशार हसन उर्फ निशु को गिरफ्तार करने के बाद शहर में पैदल मार्च कराया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने न सिर्फ अमरनाथ गिरोह को बड़ा झटका दिया, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा को लेकर आत्मविश्वास भी बढ़ाया है।

यह पहला मौका है जब जमशेदपुर पुलिस ने लुक आउट नोटिस के जरिए किसी इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। हत्या, रंगदारी, बमबारी और फायरिंग जैसे दर्जनों मामलों में वांछित निशार को दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया। वह बहरीन से जैसे ही भारत लौटा, पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।

27 अगस्त 2023 को मानगो थाना क्षेत्र में पवन यादव की गोली मारकर हत्या में वह मुख्य आरोपी था। घटना के बाद वह फरार हो गया था और पुलिस जांच में सामने आया कि वह बहरीन से भी गिरोह के जरिए शहर में आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और गृह मंत्रालय के सहयोग से लुक आउट सर्कुलर जारी करवाया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे शहर की सड़कों पर पैदल मार्च कराया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली और अपराधियों के प्रति जन आक्रोश भी सामने आया। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Posts