Regional

झारखंड में भाजपा का राज्यव्यापी आक्रोश प्रदर्शन, मझगांव समेत कई प्रखंडों में सौंपा गया ज्ञापन

न्यूज़ लहर संवाददाता
मझगांव।पश्चिम सिंहभूम जिला में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार की नीतियों और प्रशासनिक विफलताओं के विरोध में सोमवार को राज्यव्यापी प्रखंड स्तरीय आक्रोश प्रदर्शन किया। इसी क्रम में मझगांव विधानसभा क्षेत्र के मझगांव, कुमारडुंगी, मंझारी और तांतनगर प्रखंडों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया और प्रखंड कार्यालयों के समक्ष धरना देते हुए जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य की हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। पूर्व मंत्री और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, बिजली-पानी जैसी बुनियादी सेवाएं बदहाल हैं, अवैध खनन और बेरोजगारी की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द स्थिति में सुधार नहीं किया तो भाजपा जनांदोलन को और तेज करेगी।

गागराई ने कहा, “हम झारखंड की जनता को लूटने नहीं देंगे। यह प्रदर्शन सरकार की नाकामी के खिलाफ जनता की आवाज़ है। यदि सरकार अब भी नहीं जागी तो राज्यभर में उग्र आंदोलन तय है।”

प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों को राज्य सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा, जिसमें जनता की विभिन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।

इस मौके पर बड़कुंवर गागराई के साथ मझगांव मंडल अध्यक्ष मंगल सिंह हेम्ब्रम, कार्यक्रम संयोजक मजहर हुसैन, सह-संयोजक कांग्रेस मांझी, मार्शल पिंगवा, नरेश दोराय, जगदीश नायक, सजीव बेहरा, बेबी सिंपल पिंगवा, महेंद्र प्रसाद गोप, सुजीत बेहरा, महामंत्री पवन कालिंदी, एससी मोर्चा अध्यक्ष अमन कालिंदी, मो. मुमताज़, अंकित प्रधान, नामित गोप, राम चातर, इंद्रजीत यादव, पीताम्बर राउत, गुलशन पिंगवा, मो. जमाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, वृद्धजन और दिव्यांगजन उपस्थित थे।

Related Posts