मनरेगा के नव चयनित 18 कर्मियों को सौंपा गया नियुक्ति पत्र, उप विकास आयुक्त ने दिए कर्तव्यनिष्ठा के निर्देश

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले में मनरेगा योजनांतर्गत नव चयनित कर्मियों को समाहरणालय परिसर में नियुक्ति पत्र सौंपा गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान एवं निदेशक एनईपी संतोष गर्ग ने संयुक्त रूप से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने सभी नव नियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं दीं और ईमानदारी व जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का निर्देश दिया।
इस अवसर पर कुल 18 कर्मियों को विभिन्न पदों के लिए चयनित किया गया, जिनमें प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, तकनीकी सहायक (कनीय अभियंता समकक्ष), लेखा सहायक एवं कंप्यूटर सहायक शामिल हैं। चयन जिला ग्रामीण विकास शाखा द्वारा किया गया था और सभी चयनित अभ्यर्थियों को उनके संबंधित प्रखंडों में तैनाती दी गई है। साथ ही, उन्हें शीघ्र योगदान देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चयनित कर्मियों की तैनाती बहरागोड़ा, पोटका, घाटशिला, चाकुलिया, डुमरिया, मुसाबनी और पटमदा जैसे प्रखंडों में की गई है। प्रशासन की ओर से यह पहल ग्रामीण विकास को गति देने और मनरेगा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।