पूर्व डिप्टी सीएम सुधीर महतो की जयंती पर आदमकद प्रतिमा का अनावरण, राज्यभर में हुआ सम्मान कार्यक्रम

न्यूज़ लहर संवाददाता
ईचागढ़। सरायकेला खरसावां जिला के झाडुवा मोड़ पर बुधवार को झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो की 69वीं जयंती के अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। राज्यभर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत झाडुवा मोड़ पर बुधवार को झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुधीर महतो की आदमकद प्रतिमा का अनावरण उनकी धर्मपत्नी एवं वर्तमान विधायक सविता महतो ने किया। कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य चारु चांद किस्कू, क़ाबलू महतो, दिवंगत नेता की पुत्री स्नेहा महतो, झामुमो नेता ओमप्रकाश लायक, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, कृष्ण किशोर महतो, कृतिवास महतो, अमित सिन्हा, नरेन गोप, सपन सिंहदेव, पशुपति बागची, मंत्री महतो समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस मौके पर विधायक सविता महतो ने ईचागढ़ वासियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके दिवंगत पति द्वारा किए गए विकास कार्यों के आधार पर जनता ने उन्हें जो प्यार और सम्मान दिया है, वह अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा ईचागढ़ की जनता की सेवा में तत्पर रहेंगी।
इधर, स्व. सुधीर महतो की जयंती पर जमशेदपुर के उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो स्टेडियम में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता मोहन कर्मकार, पूर्व सांसद सुमन महतो, बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी समेत कई नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि अलग झारखंड राज्य आंदोलन में महतो परिवार की भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने बताया कि स्व. सुधीर महतो ने राज्य के विकास की मजबूत नींव रखी, जिसे आज उनकी पत्नी सविता महतो आगे बढ़ा रही हैं।
झामुमो नेताओं ने आश्वस्त किया कि पार्टी सदैव शहीद और समर्पित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।