झारखंड में 64 पुलिस निरीक्षक डीएसपी पद पर प्रोन्नत, जमशेदपुर के चार अधिकारी भी शामिल
न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए 64 पुलिस निरीक्षकों और समकक्ष कोटि के अधिकारियों को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर प्रोन्नति देने की अधिसूचना जारी की है। यह प्रोन्नति झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की अनुशंसा और राज्य सरकार की स्वीकृति के आधार पर की गई है। प्रोन्नत अधिकारियों को पुनरीक्षित वेतनमान लेवल-09 (अपुनरीक्षित वेतनमान पीबी-II ₹9300-34800, ग्रेड वेतन ₹5400) में अधिसूचना निर्गत होने की तिथि से आर्थिक लाभ प्रदान किया जाएगा।
इस प्रोन्नति सूची में जमशेदपुर से संबंधित चार अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिनमें संजय कुमार-2, रामबाबू मंडल, श्रीमती ज्योत्सना और बिनय प्रसाद मंडल प्रमुख हैं। श्रीमती ज्योत्सना मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर की निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में जमशेदपुर में पदस्थापित हैं। इन सभी अधिकारियों ने जमशेदपुर के विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों में वर्षों तक सेवा दी है और उनकी कार्यशैली को स्थानीय पुलिस तंत्र में सशक्त भूमिका के रूप में देखा गया है। उनकी प्रोन्नति से कोल्हान प्रमंडल में विशेषकर जमशेदपुर पुलिस बल में उत्साह का वातावरण है।
प्रोन्नत किए गए अन्य प्रमुख अधिकारियों में राजीव रंजन (चाईबासा), शंभू प्रसाद गुप्ता (नालंदा), अजय कुमार (सरायकेला-खरसावाँ), नवल किशोर सिंह देवधर (बोकारो), सुधीर प्रसाद साहू (रांची), अतीन कुमार (झारखंड जगुआर), सतीश कुमार (पटना), नीरज कुमार सिंह (औरंगाबाद), सुशील कुमार-2 (पटना), राजेश कुमार (बोकारो), मुकेश कुमार पाण्डेय (रांची), राजकपूर (खगड़िया), आलोक सिंह (हजारीबाग), तरूण कुमार (हजारीबाग), अखिलेश प्रसाद मंडल (रांची), सहदेव प्रसाद (हजारीबाग), नवल किशोर प्रसाद (पटना), प्रवीण कुमार (दरभंगा), उज्ज्वल कुमार साह (साहेबगंज), विजय कुमार सिंह (औरंगाबाद), देवेन्द्र कुमार वर्मा (कोडरमा), नरेंद्र कुमार सिन्हा (नालंदा), श्रीमती विजयेता (सीतामढ़ी), दयानंद कुमार (रांची), उमेश प्रसाद सिंह (पलामू), राजेश प्रकाश सिन्हा (मधुबनी), श्यामानंद मंडल (दुमका), राजीव कुमार वीर (कटिहार), श्रीमती कुमुद सिन्हा (पटना), अजय कुमार साहु (रामगढ़), राम अनुप महतो (पूर्वी चंपारण), राकेश कुमार गुप्ता (मधुबनी), विनोद कुमार (नवादा), अजय कुमार (लखीसराय), संदीप रंजन (रांची), तुलेश्वर प्रसाद कुशवाहा (हजारीबाग), लिलेश्वर महतो (रांची), रूपेन्द्र कुमार राणा (बोकारो), मनोज कुमार (बेगूसराय), सरोज कुमार सिंह (समस्तीपुर), ऋषि कुमार द्विवेदी (गढ़वा), महेश्वर प्रसाद रंजन (औरंगाबाद), अजय कुमार (मुजफ्फरपुर), सुधीर प्रसाद (नालंदा), अजय प्रसाद (रांची), मनोज कुमार (पटना), इजाजुल हसन सिद्दीकी (मुंगेर) राजेश कुमार सिंह (औरंगाबाद), मो. कमाल खां (पाकुड़), सुरेश प्रसाद (हजारीबाग), मंद्र कुमार (जमुई), शैलेश प्रसाद (पूर्वी सिंहभूम), शारदा रंजन प्रसाद सिंह (औरंगाबाद), हरेन्द्र कुमार राय (बक्सर), समीर सिंह (गया), हरि प्रसाद साह (गोड्डा), अक्षय कुमार राम (पलामू), प्रमोद कुमार (दरभंगा) और बिनोद उरांव (रांची) शामिल हैं।
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रोन्नति झारखंड उच्च न्यायालय में लंबित रिट याचिका संख्या WP(S) 3792/2016 एवं अवमानना याचिका संख्या Contempt(C) 752/2024 से प्रभावित होगी। हाईकोर्ट द्वारा याचिका पर अंतिम निर्णय के आधार पर प्रोन्नति आदेश की वैधता तय होगी। फिलहाल सभी प्रोन्नत अधिकारियों को नोटिस जारी कर दिया गया है और झारखंड लोक सेवा आयोग को प्रोन्नति प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए बोर्ड बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।
यह अधिसूचना राज्य के सभी प्रमंडलीय पुलिस महानिरीक्षकों, जिला पुलिस अधीक्षकों, आपदा प्रबंधन इकाइयों और कार्मिक विभाग को भी भेजी गई है ताकि प्रोन्नति से संबंधित प्रशासनिक कार्रवाई तुरंत शुरू की जा सके। इस निर्णय से पुलिस विभाग में लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों को राहत मिली है और विभागीय मनोबल में वृद्धि की उम्मीद की जा रही है।