भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक सरयू राय पहुंचे, जमशेदपुर के 12 स्थानों से निकली रथ यात्रा

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथ यात्रा के अवसर पर जमशेदपुर में आस्था और श्रद्धा का महासागर उमड़ पड़ा। कुल 12 स्थानों से रथ यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया। साकची उत्कल एसोसिएशन द्वारा आयोजित रथ यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय भी पहुंचे। राजनीतिक रूप से दोनों एक-दूसरे के धुर विरोधी माने जाते हैं, लेकिन प्रभु के रथ खींचने के लिए दोनों एक साथ उपस्थित हुए। हालांकि इस दौरान उनके बीच किसी प्रकार की औपचारिक बातचीत नहीं हुई, जो चर्चा का विषय बना रहा।
रथ यात्रा की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा पारंपरिक रथ पर विराजमान होकर मौसीबाड़ी के लिए निकले। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा रथ यात्रा का स्वागत किया गया। भक्ति संगीत, भजन-कीर्तन, फूलों की वर्षा और प्रसाद वितरण से वातावरण भक्तिमय बन गया।
इस्कॉन की ओर से बिस्टुपुर राम मंदिर से भी रथ यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रभु का रथ खींचा। स्थानीय लोगों द्वारा जगह-जगह जल सेवा, शीतल पेय और फल वितरण की व्यवस्था की गई थी। नगर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य सेवाएं और ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे सभी 12 स्थानों की रथ यात्राएं शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुईं।
भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की कृपा से यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आस्था और समर्पण का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ। रथ यात्रा के अवसर पर जिला के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी,पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक सरयू राय सहित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने राज्य और शहरवासियों को रथ उत्सव की शुभकामनाएं दीं।