Regional

चाईबासा में निकली जगन्नाथ रथ यात्रा, महाप्रभु पहुंचे मौसी बड़ी दुर्गा मंदिर

 

चाईबासा: श्री जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा को लेकर शुक्रवार को चाईबासा शहर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ पारंपरिक रथ पर सवार होकर पूरे गाजे-बाजे और भक्तिरस के माहौल में नगर भ्रमण करते हुए पोस्ट ऑफिस चौक स्थित मौसी बड़ी दुर्गा मंदिर (सरस्वती हरि बोल दुर्गा मंदिर) पहुंचे।

पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा। भक्तों की भारी भीड़ के बीच जय जगन्नाथ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। रथ यात्रा में शहर के सभी समुदायों से लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस शुभ अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी मुकुंद रुंगटा तथा झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने रथ की रस्सी थामकर महाप्रभु की सेवा में सहभागिता निभाई। दोनों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान जगन्नाथ से समाज में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

इस दौरान श्री गागराई ने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, भगवान जगन्नाथ की कृपा से चाईबासा सहित पूरे राज्य और देश में अमन, चैन और शांति बनी रहे।

रथ यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक निगरानी में यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं थी।

जगन्नाथ रथ यात्रा चाईबासा की सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर साल की तरह इस वर्ष भी यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का जीवंत उदाहरण बना।

Related Posts