महेंद्र जमुदा 29 जून को थामेंगे जेएलकेएम का दामन, टाइगर जयराम महतो की अगुवाई में लेंगे सदस्यता

चाईबासा: झारखंड पार्टी के मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी और पूर्व केंद्र सचिव सह प्रवक्ता महेंद्र जमुदा आगामी 29 जून 2025 को गांधी मैदान, चाईबासा में आयोजित जनसभा सह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में झारखंड जन क्रांति मोर्चा (जेएलकेएम) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। वह यह सदस्यता पार्टी के शीर्ष नेता एवं विधायक टाइगर जयराम महतो के हाथों से लेंगे।
महेंद्र जमुदा ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि झारखंड में अब तक जितने भी नामधारी दल सत्ता में आए, सभी ने जनता को केवल वादों के जरिये ठगने का काम किया है। चुनावों में बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद वे वादे भुला दिए जाते हैं और केवल निजी स्वार्थ की राजनीति होती है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब विकल्प चाहती है और टाइगर जयराम महतो के नेतृत्व में एक नई उम्मीद जगी है। महतो राज्य विधानसभा में एकमात्र ऐसे विधायक हैं जो झारखंडी जनभावनाओं की सशक्त आवाज बनकर उभरे हैं। अपने क्षेत्र में जनता दरबार लगाकर उन्होंने जनसमस्याओं को प्राथमिकता दी है, जिसके लिए उन्हें पूरे राज्य में सराहना मिल रही है।
जमुदा ने कहा कि विस्थापन, मुआवजा, और कंपनियों में झारखंडियों के हक की लड़ाई जैसे विषयों पर जयराम महतो ने जिस तरह से मुखरता दिखाई है, उसने उन्हें प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि अब वे भी जेएलकेएम के विचारधारा को पंचायत-पंचायत, गांव-गांव तक पहुंचाएंगे और पार्टी के हाथों को मजबूत करेंगे।
इस कार्यक्रम में जिले के अन्य प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष करण महतो ने भी महेंद्र जमुदा के पार्टी में शामिल होने पर सहमति जताई है और उनका स्वागत किया है।
कार्यक्रम को लेकर जिलेभर में तैयारी जोरों पर है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है।