बधाई छोड़ मैदान में उतरे किन्नर: जमशेदपुर में पहली बार खेला फुटबॉल, दिखाया दमखम

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड में पहली बार किन्नर समुदाय अपने परंपरागत बधाई देने की परंपरा को छोड़कर खेल में अपना दमखम दिखाने के लिए मैदान में उतर चुके हैं। रविवार को जमशेदपुर में पहली बार किन्नरों ने फुटबॉल में अपना दमखम दिखाया और साबित किया कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
जमशेदपुर में इतिहास रचते हुए किन्नर समुदाय ने अपनी पारंपरिक पहचान से अलग हटकर खेल के मैदान में अपनी नई पहचान बनाई। रानी कुदर स्थित फुटबॉल मैदान में रविवार की शाम जमशेदपुर किन्नर ए टीम और चाईबासा किन्नर बी टीम के बीच फुटबॉल मुकाबला खेला गया। झमाझम बारिश के बीच हुए इस मुकाबले ने मैदान में मौजूद सभी दर्शकों का दिल जीत लिया।
किन्नर समुदाय की प्रमुख साध्वी अमरजीत सिंह ने कहा, “हम लोग हमेशा बधाई कार्यक्रम में जाते हैं या चौक-चौराहों पर मांगते हैं, लेकिन पहली बार हमने खेल जगत में कदम रखा है। हमारी कोशिश है कि किन्नर समुदाय की प्रतिभा खेलों में भी निखरे और झारखंड से आगे अन्य राज्यों तक किन्नरों के बीच खेल प्रतियोगिता हो।”
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मंगल कालिंदी ने कहा, “हमें खुशी है कि किन्नर समुदाय की रुचि खेलों में भी बढ़ रही है। झारखंड सरकार इस दिशा में गंभीर है और उन्हें हरसंभव सुविधा दिलाने का प्रयास कर रही है।”
यह आयोजन एसजीबी और उत्थान संस्था द्वारा कराया गया। खिलाड़ियों के लिए ड्रेस, जूते, फुटबॉल और अन्य सभी आवश्यक सामग्री की व्यवस्था आयोजकों ने ही की थी।
इस ऐतिहासिक पहल ने न सिर्फ किन्नर समुदाय का आत्मविश्वास बढ़ाया, बल्कि समाज को भी यह संदेश दिया कि किन्नर अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ने को तैयार हैं और खेल का मैदान भी उनसे अछूता नहीं रहेगा।