नागपुर में AIRTU का AGM सम्पन्न, चांद मोहम्मद बने राष्ट्रीय अध्यक्ष

न्यूज़ लहर संवाददाता
नागपुर। ऑल इंडिया रेलवे ट्रैकमेंटेनर यूनियन (AIRTU) का वार्षिक आमसभा अधिवेशन नागपुर मंडल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस बार अधिवेशन ऐतिहासिक रहा क्योंकि पहली बार संगठन के सभी राष्ट्रीय पदों के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनाव कराए गए।
चुनाव परिणामों में चक्रधरपुर के चांद मोहम्मद को राष्ट्रीय अध्यक्ष और रामनरेश पासवान को राष्ट्रीय महामंत्री चुना गया। पूर्व में संगठन के अधिवेशनों में केवल तीन पदों के लिए ही चुनाव होते थे, जबकि अन्य पदाधिकारी नामांकन के आधार पर नियुक्त किए जाते थे। लेकिन इस बार पूरे देशभर के सदस्यों ने नामांकन दाखिल किया और पारदर्शिता के साथ योग्य पदाधिकारियों का चयन हुआ।
AGM में सैकड़ों ट्रैकमेंटेनर कर्मचारी और अन्य रेलवे विभागों के सदस्य उपस्थित रहे। नई राष्ट्रीय टीम में छह अलग-अलग जोनों से पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए। बैठक के समापन के बाद नई टीम की पहली बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें संगठन को सशक्त बनाने, सभी जोनों को एकजुट करने और कर्मचारियों की समस्याओं को समय-समय पर रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के समक्ष रखने की रणनीति बनाई गई।
नई राष्ट्रीय टीम ने ट्रैकमेंटेनर कर्मचारियों से अपील की है कि वे आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आएं और संगठन को मजबूत बनाएं। यूनियन का लक्ष्य है कि आने वाले दिनों में संगठन का विस्तार कर AIRTU को एक प्रभावशाली राष्ट्रीय संगठन के रूप में स्थापित किया जाए।