Regional

टोकलो लाइब्रेरी में छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित, निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित नक्सल प्रभावित क्षेत्र टोकलो में शिक्षा की लौ जलाने वाले प्रयासों की एक नई कड़ी के तहत रविवार को आदिवासी विद्यालय टोकलो में संचालित टोकलो लाइब्रेरी में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को सम्मानित करने के लिए किया गया था।

कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। समाजसेवी रबिन्द्र गिलुवा ने कोल्हान नितिर तुरतुंग से टोकलो लाइब्रेरी तक के सफर की प्रेरणादायक कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि यह लाइब्रेरी 16 दिसंबर 2024 से सतत रूप से संचालित हो रही है और इसका उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों को ज्ञान से जोड़ना और एक सकारात्मक शैक्षिक वातावरण तैयार करना है।

आदिवासी मित्र मंडल के संयोजक गणेश कुदादा ने अपनी संस्था की ओर से शिक्षा व सामाजिक सुधार में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। कोल्हान नितिर तुरतुंग के सक्रिय सदस्य पंकज बाँकिरा ने विद्यार्थियों को वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और शरीर को फिट रखने की जानकारी दी। कार्यालय सचिव हेमंत सामड ने छात्रों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया।

कार्यक्रम का संचालन राम गागराई ने अत्यंत कुशलता से किया। सम्मान समारोह में निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भेंट किए गए।

इस अवसर पर आदिवासी युवा मित्र मंडल के सचिव रबिन्द्र गिलुवा, कोल्हान नितिर तुरतुंग के अलोक जामुदा, शिक्षक राम लाल हेमब्रम और मनोहर गोप सहित कई प्रमुख व्यक्ति उपस्थित थे।

यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, बल्कि यह भी दर्शाया कि टोकलो जैसे दूरदराज व संवेदनशील क्षेत्र में शिक्षा और सामाजिक उत्थान की दिशा में स्थानीय संगठनों और नागरिकों की प्रतिबद्धता सशक्त रूप ले रही है।

Related Posts