झारखंड चंद्रवंशी समाज में नया नेतृत्व, किशोर कुमार वर्मा बने प्रदेश अध्यक्ष

न्यूज़ लहर संवाददाता
लोहरदगा।झारखंड के चंद्रवंशी समाज में एक नए युग की शुरुआत हुई है। अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा, झारखंड प्रदेश का संवैधानिक चुनाव पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक ढंग से गुप्त मतदान के माध्यम से संपन्न हुआ। पूरे प्रदेश को दस सेक्टरों में विभाजित कर चुनावी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसके दौरान समाज के कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। रांची जिले के पहाड़ी स्थित चंद्रवंशी भवन, लोहरदगा में केतकी पैलेस, पलामू में पलामू क्लब, हजारीबाग में चौपारण बिगहा चंद्रवंशी भवन, कोडरमा, गोड्डा, रामगढ़, धनबाद सहित कई मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुरुष और महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग करते हुए प्रदेश अध्यक्ष और युवा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव किया।
अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक आजाद की उपस्थिति में राष्ट्रीय चुनाव आयुक्त सुरेंद्र सिंह, झारखंड प्रदेश चुनाव प्रभारी सुबोध कुमार और राजेंद्र चंद्रवंशी, रांची जिला के चुनाव प्रभारी प्रेम वर्मा ने संयुक्त रूप से चुनाव परिणाम की घोषणा की। इस चुनाव में लोहरदगा निवासी राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक किशोर कुमार वर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष का पद भारी बहुमत से जीता। वहीं, धनबाद जिला निवासी आकाश रवानी युवा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में विजयी घोषित हुए।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक आजाद ने बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न निष्पक्ष चुनाव पर हर्ष व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार वर्मा एक सुलझे हुए और जिम्मेदार व्यक्ति हैं, जिन्होंने पहले भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कमिटी चंद्रवंशी समाज के उत्थान और विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगी। श्री आजाद ने इस ऐतिहासिक चुनाव की सफलता पर राष्ट्रीय चुनाव आयुक्त सुरेंद्र सिंह, बी पी सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री सीतल सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह, डॉ. पिंटू सिंह, प्रदेश चुनाव प्रभारी सुबोध कुमार, राजेंद्र चंद्रवंशी और रांची जिला प्रभारी प्रेम वर्मा सहित चुनावी प्रक्रिया में लगे समाज के सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय चुनाव आयुक्त सुरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से संपन्न यह चुनाव भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा। वहीं रांची जिला प्रभारी प्रेम वर्मा ने कहा कि झारखंड चंद्रवंशी समाज को एक उगता सूरज मिला है और समाज को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष किशोर कुमार वर्मा ने कहा कि वे शिक्षक होने के नाते चंद्रवंशी समाज में शिक्षा के प्रति सजग और जागरूकता फैलाकर भावी कर्णधारों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर पहाड़ी तल्ला चंद्रवंशी भवन में राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय चुनाव आयुक्त, झारखंड चुनाव आयुक्त, रांची प्रभारी ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को फूलमाला पहनाकर प्रमाण पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। युवा प्रदेश महामंत्री धनंजय चंद्रवंशी को भी निर्विरोध विजयी घोषित किया गया। इस समारोह में डॉ. पिंटू रेखा वर्मा, सुनील सिंह चंद्रवंशी, सत्येंद्र वर्मा, राजेश वर्मा, विनय चंद्रवंशी, मनोज वर्मा, दीपक वर्मा, पप्पू वर्मा, विक्रम वर्मा, आकाश कुमार चंद्रवंशी, राजा वर्मा, राजकुमार वर्मा, जगन्नाथ राम, संजय रवानी, गुंजन वर्मा सहित बड़ी संख्या में चंद्रवंशी समाज के लोग विशेष रूप से उपस्थित थे।
लोहरदगा में केतकी पैलेस में चुनावी गहमागहमी देखी गई। चंद्रवंशी समाज ने उत्साह के साथ प्रदेश अध्यक्ष प्रत्याशी को भारी मत देकर विजय श्री का सेहरा बनाने में अहम योगदान दिया। इस तरह झारखंड चंद्रवंशी समाज के लिए एक नए युग की शुरुआत हुई है और सभी ने निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया की सराहना की।