Regional

शिवू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की दुआ: झामुमो नेताओं ने मंदिर और मजार पर की प्रार्थना

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष सह दुमका लोकसभा सांसद गुरुजी शिवू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर जमशेदपुर में दुआओं और प्रार्थनाओं का सिलसिला जारी है। सोमवार को जिला झामुमो के वरिष्ठ नेता प्रमोद लाल, शेख बदरुद्दीन समेत दर्जनों कार्यकर्ता बिष्टुपुर स्थित चुनासाह बाबा के मजार पहुंचे। यहां उन्होंने चादर चढ़ाकर फातिहा किया और दुआ मांगी कि उनके चहेते नेता जल्द स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन में लौटें।

नेताओं ने बताया कि गुरुजी केवल झामुमो के नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता के प्रतीक हैं। उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए हर संभव प्रार्थना की जा रही है। प्रमोद लाल ने मजार पर टोपी पहनकर पूरे नियम-कायदे के साथ फातिहा किया, जबकि शेख बदरुद्दीन सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी चुनासाह बाबा की दरगाह पर चादरपोशी कर दुआ मांगी।

रविवार को किया था शिव मंदिर में रुद्राभिषेक

इससे पहले रविवार को झामुमो नेताओं ने बिष्टुपुर स्थित पुराना कोर्ट परिसर में भगवान शिव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की थी। वहां उन्होंने रुद्राभिषेक कर भगवान शिव से प्रार्थना की कि गुरुजी शिवू सोरेन जल्द स्वस्थ हो जाएं। खास बात यह रही कि इन दोनों कार्यक्रमों में धर्म और जाति की दीवारें टूटती नजर आईं। जहां प्रमोद लाल ने मजार पर सिर पर टोपी पहनकर फातिहा किया, वहीं शेख बदरुद्दीन ने शिव मंदिर में पूजा कर मिसाल पेश की।

गुरुजी का स्वास्थ्य बिगड़ने से कार्यकर्ता चिंतित

बताया गया कि हाल के दिनों में गुरुजी शिवू सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। इधर, उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए झामुमो के सभी संगठन, कार्यकर्ता और शुभचिंतक मंदिरों और मजारों पर दुआ कर रहे हैं।

नेताओं का कहना है कि गुरुजी का स्वस्थ रहना पूरे झारखंड के लिए जरूरी है, क्योंकि उनका अनुभव और नेतृत्व हमेशा प्रदेश को दिशा देता रहा है।

Related Posts