भाजपा की कथित साजिश के विरोध में झामुमो आज करेगा पुतला दहन पोस्ट ऑफिस चौक, चाईबासा में शाम 5 बजे होगा विरोध कार्यक्रम, झामुमो ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

चाईबासा: हूल दिवस (30 जून) के अवसर पर भोगनाडीह में भारतीय जनता पार्टी द्वारा कथित रूप से “संथाल परगना को अस्थिर करने की कोशिश” को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। झामुमो ने इस घटनाक्रम को झारखंड के शहीदों और आदिवासी-मूलवासी समाज का अपमान करार देते हुए भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा अपने साम्प्रदायिक एजेंडे को झारखंड की शांतिपूर्ण और सामाजिक समरसता वाली भूमि पर थोपने का प्रयास कर रही है, जिसे जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता प्राप्ति के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है और यह घटनाक्रम उसी की एक कड़ी है।
बुधराम लागुरी ने बताया कि झामुमो केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार 3 जुलाई को संध्या 5 बजे चाईबासा के पोस्ट ऑफिस चौक पर भाजपा का पुतला दहन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में झामुमो के सभी वर्गीय संगठन और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि भोगनाडीह में भाजपा की हरकतों से झारखंड के आदिवासियों और मूलवासियों में गहरा आक्रोश है। यह केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक अस्मिता का भी मुद्दा है। झामुमो ने भाजपा से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और बलिदानी परंपरा का सम्मान करने की अपील की है।
पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे भारी संख्या में विरोध कार्यक्रम में भाग लें और एकजुट होकर भाजपा की नीतियों का विरोध करें।