बाढ़-चक्रवात आपदा प्रशिक्षण में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के जवान कल्याण कुमार साहू ने देशभर में हासिल किया द्वितीय स्थान

जमशेदपुर: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के जवान कल्याण कुमार साहू ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) अकादमी, नागपुर में आयोजित बाढ़ और चक्रवात प्रतिक्रिया प्रशिक्षण कोर्स में द्वितीय स्थान प्राप्त कर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस का मान बढ़ाया है।
यह पांच सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कोर्स देशभर के विभिन्न राज्यों और रेलवे जोनों से चुने गए कुल 32 जवानों के लिए आयोजित किया गया था। इसमें हिमाचल प्रदेश, मेघालय, तेलंगाना (TDRF), असम सिविल डिफेंस, साउदर्न रेलवे चेन्नई, वेस्टर्न रेलवे राजकोट एवं अहमदाबाद, ईस्टर्न रेलवे कोलकाता, साउथ ईस्टर्न रेलवे आद्रा और टाटानगर जैसे विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस विशेष प्रशिक्षण में बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्य, चक्रवात की स्थिति में फंसे लोगों का रेस्क्यू, ढही हुई संरचनाओं से बचाव एवं सुरक्षित निकासी जैसी जटिल परिस्थितियों से निपटने की व्यावहारिक और सैद्धांतिक शिक्षा दी गई। कोर्स के अंत में प्रतिभागियों की लिखित, मौखिक और व्यावहारिक परीक्षा ली गई, जिसमें कल्याण कुमार साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कल्याण को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे प्रशिक्षण आपदा प्रबंधन में हमारी तैयारियों को सुदृढ़ करते हैं। भविष्य में भी सिविल डिफेंस जवानों को विभिन्न आपदा विषयों पर प्रशिक्षण हेतु संस्थानों में भेजा जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर वे दक्षता के साथ राहत कार्य कर सकें।
कल्याण की इस उपलब्धि से न केवल टाटानगर रेल मंडल, बल्कि दक्षिण पूर्व रेलवे को भी गौरव की अनुभूति हुई है।