संयुक्त आयुक्त GST से मिला चाईबासा चेंबर का प्रतिनिधिमंडल, व्यापारिक समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा

चाईबासा: चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का एक प्रतिनिधिमंडल आज नवपदस्थापित संयुक्त आयुक्त, वस्तु एवं सेवा कर (GST), चाईबासा सर्किल अनूप गौरव से शिष्टाचार मुलाकात हेतु उनके कार्यालय पहुंचा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने चाईबासा अंचल के व्यापारियों को GST से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया।
संयुक्त आयुक्त अनूप गौरव ने व्यापारिक प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि विभाग व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने कहा जो भी व्यापारी GST से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का सामना कर रहा है, वह निःसंकोच मुझसे संपर्क कर सकता है। मैं व्यक्तिगत रूप से हर संभव त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करूंगा।
प्रतिनिधिमंडल में चेंबर के अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष शिबूलाल अग्रवाल एवं विकास गोयल, सह-सचिव इंद्रजीत सिंह रंधावा, कोषाध्यक्ष राजीव खीरवाल, कार्यकारिणी सदस्य सह GST चेयरमैन विवेक कुमार सिन्हा, कार्यकारिणी सदस्य गोविंद खेतान तथा सदस्य अजय अग्रवाल शामिल थे।
प्रतिनिधियों ने संयुक्त आयुक्त का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके सहयोगात्मक रवैये के लिए आभार प्रकट किया। साथ ही, विश्वास जताया कि विभाग और व्यापारिक समुदाय के बीच यह संवाद और सहयोग की भावना चाईबासा क्षेत्र में व्यापार को नई दिशा और गति प्रदान करेगी।