Regional

गोईलकेरा में शिक्षकों को नेत्र जांच का प्रशिक्षण, 168 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लिया हिस्सा* 

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

गोईलकेरा: पश्चिम सिंहभूम जिला स्वास्थ्य समिति, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को गोईलकेरा प्रखंड स्थित 10+2 उच्च विद्यालय के सभागार में स्कूली बच्चों की प्रारंभिक नेत्र जांच हेतु एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में गोईलकेरा प्रखंड के कुल 168 शिक्षक और शिक्षिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूल स्तर पर दृष्टि दोष की पहचान कर समय रहते बच्चों को उपचार और निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराना है।

 

सदर अस्पताल, चाईबासा के नेत्र पदाधिकारी डॉ. मनोज सिंह मुंडा ने शिक्षकों को नेत्र जांच सर्वेक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में दृष्टि दोष को समय पर पहचानना बेहद जरूरी है, ताकि उनकी शिक्षा और जीवन पर इसका नकारात्मक प्रभाव न पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि जांच में चयनित छात्रों को निःशुल्क चश्मा प्रदान किया जाएगा।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी शालिनी डुंगडुंग की अहम भूमिका रही। इसके अलावा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश गुप्ता, विशेष शिक्षक रविंद्र कुमार, प्रखंड साधन सेवी, संकुल साधन सेवी और हाटगम्हरिया प्रखंड के विशेष शिक्षक ओम प्रकाश सिंह समेत गोईलकेरा प्रखंड के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

 

शिक्षकों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें स्कूलों में बच्चों की आंखों की प्रारंभिक जांच करने में मदद मिलेगी, जिससे जरूरतमंद बच्चों को समय पर नेत्र संबंधित सहायता दी जा सकेगी।

Related Posts