weather report

झारखंड में आठ दिनों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, रांची में सामान्य से ढाई गुना ज्यादा; चार जिलों में येलो अलर्ट

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची। झारखंड में मानसून ने इस बार जबरदस्त रफ्तार पकड़ी है। एक जुलाई से आठ जुलाई के बीच राज्य में 440.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य औसत से 175.4 मिलीमीटर अधिक है। वहीं राजधानी रांची में तो सामान्य से ढाई गुना अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची में अब तक 675.5 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है जबकि इस अवधि तक सामान्य बारिश 273.2 मिलीमीटर मानी जाती है।

मौसम विभाग ने मंगलवार 9 जुलाई को राज्य के चार जिलों – खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

झारखंड के अन्य 20 जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 10 और 11 जुलाई को राज्य में बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 12 जुलाई से फिर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे झारखंड के अधिकांश हिस्सों में पुनः बारिश होगी।

बारिश के इस रुख से किसानों को तो राहत मिली है लेकिन कई इलाकों में जलजमाव और ग्रामीण सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें भी सामने आ रही हैं। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर जिला अधिकारियों को संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।

Related Posts