रहमत नगर जलजमाव से बना आफत नगर, सिस्टम फेल,लोग घर में कैद

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड में मानसून की बारिश ने रहमत नगर के लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। जल जमाव से घर में कैद हो गए हैं। उनके लिए रहमत नगर आफत नगर बन गया है।सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के रहमत नगर मोहल्ले में बारिश का पानी घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। मोहल्ले की गलियां और सड़कें तालाब बन चुकी हैं।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि यह कोई बाढ़ का पानी नहीं बल्कि वर्षों से ध्वस्त पड़ी नाली व्यवस्था का परिणाम है। हर साल बारिश में यही हाल होता है। नगर परिषद और जिला प्रशासन को कई बार शिकायत की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। नालियों की सफाई सिर्फ कागजों में ही दिखती है। बरसात शुरू होते ही गंदा पानी गलियों और घरों तक पहुंच जाता है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
रहमत नगर निवासी राशिद आलम ने कहा कि यहां के लोग मजबूरी में खुद ही पानी निकालने की व्यवस्था करते हैं। प्रशासन सिर्फ आश्वासन देता है। बरसात में बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया है। महिलाएं और बुजुर्ग घरों में कैद होकर रह गए हैं। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से ड्रेनेज सिस्टम की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर इसी तरह बारिश होती रही तो हालात और भी बदतर हो जाएंगे।
स्थानीय समाजसेवी मोहम्मद तस्लीम ने कहा कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं लेकिन उसके बाद लोग उनके लिए अदृश्य हो जाते हैं। यहां के लोग अब ऊपरवाले से ही रहम की गुहार लगा रहे हैं क्योंकि नीचे वालों के लिए वे सिर्फ वोट बैंक हैं।
रहमत नगर के लोगों ने इलाके की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर प्रशासन से मदद की अपील की है। फिलहाल बारिश जारी है और लोग दहशत में दिन गुजार रहे हैं।