वरिष्ठ कांग्रेसी रेवती रमण प्रसाद पंचतत्व में विलीन, कांग्रेसियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रेवती रमण प्रसाद का बुधवार को चाईबासा स्थित मुक्ति धाम में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वे लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे और विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई।
रेवती रमण प्रसाद के निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर पहुँचकर बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और अंतिम यात्रा में सम्मिलित होकर उन्हें नम आंखों से विदाई दी।
स्व. प्रसाद कांग्रेस के मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, जिला कार्यकारी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्वों पर सक्रिय रहे। संयुक्त बिहार के समय वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (AICC) के सदस्य भी थे और उन्होंने पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती देने का कार्य किया।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा रेवती रमण प्रसाद का निधन हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। कांग्रेस संगठन को उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को संबल दें।
श्रद्धांजलि सभा एवं अंतिम संस्कार में कांग्रेस जिला महासचिव अशोक बारीक, सोशल मीडिया चेयरमैन रवि कच्छप, वरिष्ठ नेता बिमल सुम्बरुई, सुशील अग्रवाल, देवाशीष दत्ता, राम सिंह सावैयां सहित कई गणमान्य लोग एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रेवती रमण प्रसाद की सादगी, प्रतिबद्धता और संगठन के प्रति समर्पण भाव को हमेशा याद रखा जाएगा।