रिंग रोड परियोजना के विरोध में करला जोड़ी में ग्रामीणों की असहमति आमसभा, जमीन नहीं देने का लिया गया निर्णय

चाईबासा: गुरुवार को करला जोड़ी के मिशनरीज ऑफ चैरिटी के बगल मैदान में करला जोड़ी मुंडा गोविंद पुरती की अध्यक्षता में एक असहमति आमसभा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सदर अंचल अंतर्गत आने वाले 14 राजस्व मौजा सहित कुल 16 राजस्व मौजा के ग्रामीण प्रतिनिधियों ने भाग लिया और प्रस्तावित एनएच 75ई (रिंग रोड परियोजना) का तीव्र विरोध किया।
बैठक में सबसे पहले ग्रामीण मुंडा गोविंद पुरती ने झारखंड के महामहिम राज्यपाल के नाम पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त के माध्यम से भेजे गए मांग पत्र को पढ़कर सुनाया। मांग पत्र में स्पष्ट किया गया कि करला जोड़ी, बाईहातु, टोंटो, डिलिया मरचा, खप्परसाई, कातिगुटु, टेकासाई, डोबरो साई, डोंकाहातु, तोलगोए साई, तुईबीर, बाईतुईबीर, गितिलपी, सिंहपोखरिया (सदर अंचल), पुटिदा (खुंटपानी अंचल) और रघुनाथपुर (झींकपानी अंचल) के ग्रामीण इस रिंग रोड परियोजना के तहत जमीन नहीं देने का सर्वसम्मत निर्णय ले चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पीढ़ियों से अपनी निजी जमीन पर खेती करते आ रहे हैं और नियमित रूप से मालगुजारी भी जमा करते हैं। इसलिए वे किसी भी स्थिति में एक इंच जमीन भी नहीं देंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन जबरन भूमि अधिग्रहण का प्रयास करता है तो वे सीधे तौर पर झारखंड के राजस्व मंत्री एवं सदर विधायक दीपक बिरुवा और सांसद जोबा माझी का घेराव करेंगे।
आमसभा में मौजूद प्रमुख प्रतिनिधि:
टोंटो मुंडा सुरेन्द्र बानरा, पुटिदा मुंडा मानसिंह पुरती, बाईहातु मुंडा विश्वजीत पुरती, खप्परसाई मुंडा मंगल सिंह देवगम, कतिगुटु मुंडा सिदिऊ पुरती, टेकासाई मुंडा ठाकुर सिंह पुरती, डोबरोसाई मुंडा रोबिन पाड़ेया, डोंकाहातु मुंडा गुरूचरण देवगम, तोलगोए साई मुंडा मधु पुरती, तुईबीर मुंडा मेथ्यू देवगम, सिंहपोखरिया मुंडा दीपू सावैयां, रघुनाथपुर मानकी शिवशंकर सावैयां, गाड़ा राजबासा मानकी लक्ष्मण बानरा, कुंदरूहातु मुंडा दिनबधुं जारिका, मझगांव जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल, खुंटपानी प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, झारखंड पुनरुत्थान अभियान अध्यक्ष सन्नी सिंकू, ईचा-खरखाई विरोधी संघ अध्यक्ष सुरेश सोय समेत कई स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।