विधि विधान से हुई 25वीं रामार्चा पूजा, शुक्रवार को होगा महाप्रसाद का आयोजन

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय के आवास पर गुरुवार को 25वीं रामार्चा पूजा विधि-विधान से संपन्न हुई। इस अवसर पर पांच विद्वान ब्राह्मणों ने पूजा संपन्न कराई। पूजा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी शामिल हुए। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदर रमण, कॉरपोरेट सर्विस के चीफ प्रणय सिन्हा और लैंड डिपार्टमेंट के प्रमुख अमित सिंह समेत कांग्रेस नेता रामाश्रय प्रसाद सिंह और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने विधायक सरयू राय को शुभकामनाएं दीं।
पूजा की शुरुआत शांति पाठ और संकल्प से हुई। चार आवरणों में संपन्न इस पूजा के प्रथम आवरण में माता माहेश्वरी से लेकर भगवान महादेव तक तथा गणेश, महाशक्ति, महालक्ष्मी, महादुर्गा, गायत्री, सावित्री, सरस्वती, सिद्धिदेवी, बुद्धिदेवी, लोकमात्री, वास्तुदेवता, नौग्रह, दिगपाल समेत सभी देवताओं का पूजन किया गया। द्वितीय आवरण में अयोध्या जी से लेकर अष्टमंत्री तक, जिसमें सरयू जी, गंगा देवी, केसरी जी, जाम्बवंत जी, अंगद जी, सुग्रीव जी और विभीषण जी की पूजा शामिल रही। तृतीय आवरण में दशरथ जी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और वीर हनुमान जी का पूजन हुआ। चतुर्थ आवरण में भगवान श्रीरामचंद्र जी की सपत्नीक पूजा राजास्वरूप में की गई। इस दौरान ‘हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे’ महामंत्र का संकीर्तन हुआ।
पूजा का संचालन बेगूसराय के गौरीशंकर ठाकुर के निर्देशन में विनोद पांडेय, धनजी पांडेय, धीरज पांडेय और घनश्याम मिश्रा ने किया। प्रमुख यजमान विधायक सरयू राय थे। सहायक यजमानों में आकांक्षा नायर, अंशुल शरण, धर्मेंद्र तिवारी, सुनीता राय और पारुल सिंह शामिल रहीं।
श्रद्धालुओं के लिए साबुदाने की टिकिया, साबुदाना खीर और चाय प्रसाद में वितरित किया गया। शुक्रवार को सुबह 8 बजे रुद्राभिषेक होगा और दोपहर 12:30 बजे से बिष्टुपुर मिलानी हॉल में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा, जिसमें हाथीकान पूरी, सब्जी, बुंदिया और चटनी परोसी जाएगी। आयोजन समिति के आशुतोष राय ने बताया कि इस अवसर पर झारखंड के अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश से भी श्रद्धालु पहुंचेंगे।